मध्य प्रदेश के ग्वालियर से पति-पत्नी के विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पति खुद अपनी पत्नी की शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंच गया। कमल किशोर नाम के युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसके सांवले रंग को लेकर लगातार ताने मारती है और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती है।
पति का कहना है कि शादी के बाद से ही पत्नी उसे “काला” कहकर अपमानित करती रही। इतना ही नहीं, वह iPhone, AC और दूसरी महंगी चीजों की मांग करती है। मांगें पूरी नहीं होने पर घर में विवाद खड़ा कर देती है।
कमल ने पुलिस को बताया कि वह इस मानसिक तनाव से पूरी तरह टूट चुका है। वहीं उसकी मां ने भी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू घर का कोई काम नहीं करती, खाना तक नहीं बनाती और अक्सर झूठे दहेज केस में फंसाने व आत्महत्या की धमकी देकर पूरे परिवार को डराती है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे विवाद की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।







