मध्यप्रदेश के बालाघाट में रेत माफिया का आतंक एक बार फिर खुलकर सामने आया है। यहां अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल पर ही माफिया ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस हमले में प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनकी दो पसलियां फ्रैक्चर बताई जा रही हैं।
घटना मंगलवार देर शाम पलाकामथी इलाके की है। जानकारी के मुताबिक अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले और आरक्षक सुनील विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे थे। पुलिस टीम ट्रैक्टर को रोककर उसका वीडियो बना रही थी, तभी रेत माफिया ने अचानक ट्रैक्टर दौड़ा दिया।
हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल हेड कॉन्स्टेबल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आईजी ललित शाक्यवार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में सक्रिय रेत माफिया के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पर हमले की यह वारदात बता रही है कि अवैध खनन का काला कारोबार अब कानून को खुली चुनौती देने लगा है।







