सीहोर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल-इंदौर हाईवे से 62 लाख रुपए कीमत की बीयर से भरा एक ट्रक जब्त किया है। ट्रक हाईवे किनारे लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसके बाद जावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के नशा मुक्ति अभियान के तहत चल रही सख्त कार्रवाई में इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।
दरअसल जावर थाना पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरहदी के पास भोपाल-इंदौर हाईवे पर एक संदिग्ध ट्रक खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां निर्माणाधीन चद्दर शेड के सामने ट्रक लावारिस हालत में मिला। पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में बीयर की खेप भरी मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपए बताई जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हेमंत पांडेय की टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब ट्रक मालिक और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच जारी है।







