देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 आज इंदौर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की जा रही है। शहर के 27 परीक्षा केंद्रों पर 12 हजार 104 अभ्यर्थी अपने सपनों की सबसे बड़ी जंग लड़ेंगे। प्रशासन ने परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है और हर सेंटर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है।
परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। लेकिन सबसे अहम बात ये है कि एंट्री टाइम खत्म होते ही सेंटर के गेट बंद कर दिए जाएंगे। सुबह 9 बजे के बाद पहली शिफ्ट और दोपहर 2 बजे के बाद दूसरी शिफ्ट में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल घड़ी और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इतना ही नहीं, हैंडबैग, लाइटर और माचिस जैसी चीजें भी सेंटर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
अभ्यर्थियों को केवल आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी छात्रों से समय से पहले सेंटर पहुंचने और नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।







