मध्यप्रदेश का कटनी जिला अब शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई को आधुनिक और आसान बनाने के लिए डाइट कटनी ने बड़ा तकनीकी नवाचार किया है। कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए QR कोड आधारित डिजिटल अध्ययन व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे कटनी प्रदेश का पहला ऐसा जिला बन गया है जहां यह अनूठी पहल लागू हुई है।
इस नई व्यवस्था के तहत छात्र अब किताबों में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सीधे डिजिटल कंटेंट, वीडियो लेक्चर और आसान अध्ययन सामग्री तक पहुंच सकेंगे। लंबे समय से स्कूलों में उपयोग का इंतजार कर रहे स्मार्ट बोर्ड अब पढ़ाई का सबसे मजबूत माध्यम बनने जा रहे हैं।
इस पहल का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण और सामान्य परिवारों के बच्चों को मिलेगा, जिन्हें अब शहरों जैसी आधुनिक शिक्षा सुविधा सरकारी स्कूलों में ही उपलब्ध होगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ेगी और पढ़ाई अधिक रोचक बनेगी। कटनी का यह मॉडल अब पूरे मध्यप्रदेश के लिए प्रेरणा बनता नजर आ रहा है।




