इंदौर में शराब कारोबारी चिंटू ठाकुर को धमकाने से जुड़े हाई प्रोफाइल हनी ट्रैप-2 मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। सागर निवासी रेशु उर्फ अभिलाषा और इंदौर पुलिस की इंटेलिजेंस विंग में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के बंगले पर पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 25 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
मामले की गंभीरता अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है। दिल्ली से इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी IB की टीम भी इंदौर पहुंची और पुलिस अधिकारियों से पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई। सूत्रों के मुताबिक, इस हनी ट्रैप गैंग के तार कई नेताओं, अफसरों और बड़े कारोबारियों से जुड़े हो सकते हैं। इससे पहले पुलिस कथित लेडी तस्कर अलका दीक्षित, लाखन चौधरी, जयदीप, जितेंद्र पुरोहित और मास्टरमाइंड श्वेता जैन सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस इस पूरे सिंडिकेट की परतें खोलने में जुटी हुई है।




