देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 23 मई से 28 मई 2026 के बीच बैंक शाखाओं में कामकाज लगातार प्रभावित रह सकता है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि जरूरी बैंकिंग काम 22 मई यानी आज ही निपटा लें।
दरअसल, इस लंबे ब्रेक की शुरुआत चौथे शनिवार और रविवार की छुट्टियों से होगी। इसके बाद SBI कर्मचारियों की दो दिन की प्रस्तावित हड़ताल बैंकिंग सेवाओं को प्रभावित कर सकती है। वहीं बकरीद के चलते अलग-अलग राज्यों में RBI द्वारा घोषित छुट्टियों का असर भी देखने को मिलेगा।
25 और 26 मई को होने वाली संभावित हड़ताल से चेक क्लियरेंस, कैश जमा-निकासी, पासबुक अपडेट और लोन संबंधी काम अटक सकते हैं। वहीं 27 और 28 मई को बकरीद की छुट्टियों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर में तो दोनों दिन अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि ATM, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी, लेकिन ब्रांच आधारित सेवाओं में परेशानी हो सकती है। इसलिए ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि बैंक जाने से पहले अपनी शाखा की स्थिति जरूर जांच लें।




