सागर के कैंट थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पति-पत्नी अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ बीएसएनएल के करीब 800 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गए। तपती दोपहरी में तीनों टावर पर बैठे रहे और नीचे पुलिस-प्रशासन उन्हें मनाने में जुटा रहा।
बताया जा रहा है कि युवक बलराम अहिरवार और उसकी पत्नी कृष्णादेवी मोतीनगर पुलिस की कार्रवाई से नाराज थे। परिवार का आरोप है कि उन पर झूठा मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने मारपीट कर जेल भेजा। इसी विरोध में उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को फोन पर समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति गंभीर होते देख एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर किसी की नजर टावर पर बैठी उस मासूम बच्ची पर टिकी रही, जिसकी जान भी खतरे में पड़ गई। फिलहाल प्रशासन परिवार को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटा है।







