छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। ग्राम हनोतिया के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे और रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हनोतिया के पास हादसा, तेज रफ्तार बनी तीन जिंदगियों की दुश्मन
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे का मुख्य कारण बाइकों की अत्यधिक तेज रफ्तार को माना है। यह हादसा हनोतिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कुछ दूरी पर हुआ, जहां कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय बाइक चालक किस दिशा से आ रहे थे और क्या किसी तरह की लापरवाही भी सामने आई है। लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर युवा तेज रफ्तार से कब सबक लेंगे।







