चेन्नई में तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सोशल मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम ने राहुल गांधी की उस रील और फोटो पोस्ट को ब्लॉक कर दिया, जिसमें वे अभिनेता से नेता बने विजय के साथ नजर आ रहे थे। पार्टी ने इसके पीछे इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नियमों का हवाला देते हुए सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक तकनीकी मामला नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से संवेदनशील पोस्ट को दबाने की कोशिश भी हो सकती है। राहुल गांधी ने रविवार को चेन्नई में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया था और बाद में विजय के साथ कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे।
हालांकि सरकार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सूचना मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, पोस्ट को हटाने या ब्लॉक करने में सरकार की कोई भूमिका नहीं थी। सूत्रों ने बताया कि इंस्टाग्राम के आंतरिक सिस्टम में हुई तकनीकी गलती के कारण पोस्ट गलती से फ्लैग हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्थायी रूप से ब्लॉक किया गया। बाद में जांच के बाद पोस्ट को फिर से रीस्टोर कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की पारदर्शिता और कंटेंट मॉडरेशन सिस्टम पर एक बार फिर बहस तेज कर दी है।







