मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह की मुश्किलें अब लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया और राज्य सरकार को तीखी फटकार लगाई।
मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत ने अभियोजन स्वीकृति में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “Enough is enough… अब हमारे आदेश का पालन कीजिए।” कोर्ट की इस टिप्पणी ने साफ संकेत दे दिए कि न्यायपालिका इस मामले को बेहद गंभीरता से देख रही है।
सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मंत्री विजय शाह का पक्ष रखते हुए कहा कि संभवतः उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया और उनका उद्देश्य महिला अधिकारी की प्रशंसा करना था। लेकिन सीजेआई सूर्यकांत ने इस दलील को सिरे से खारिज कर दिया।
कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह बयान सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण नहीं, बल्कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। एक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ राजनेता होने के नाते मंत्री को यह अच्छी तरह समझना चाहिए कि किसी महिला अधिकारी के सम्मान में किस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया जाता है।
सुप्रीम कोर्ट ने SIT की स्टेटस रिपोर्ट का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया कि मंत्री को इस तरह की टिप्पणियां करने की आदत रही है। अदालत की सख्त टिप्पणी के बाद अब इस मामले में राजनीतिक और कानूनी दबाव दोनों बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।







