पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया है। इसके साथ ही अब सुवेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस अहम बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि वर्ष 1950 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस विचारधारा के साथ राजनीतिक यात्रा शुरू की थी, आज उसी विचार की जीत हुई है। शाह ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने बदलाव और विकास के पक्ष में अपना फैसला दिया है।
अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले शासनकाल में अपराध और राजनीति का गठजोड़ बढ़ा, जिसके कारण विकास बाधित हुआ। शाह ने दावा किया कि नई सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था और विकास दोनों क्षेत्रों में तेजी से बदलाव दिखाई देगा।
सुवेंदु अधिकारी कल सुबह 10 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता और बड़े चेहरे मौजूद रहेंगे। समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।







