दुनिया एक बार फिर महायुद्ध की दहलीज पर खड़ी है! ओमान की खाड़ी से आ रही खबरें विचलित करने वाली हैं। अमेरिकी सेना ने एक बार फिर ईरान पर भीषण बमबारी की है। ईरान का दावा है कि जब दुनिया सीजफायर की उम्मीद कर रही थी, तब अमेरिका ने जास्क के पास उनके तेल टैंकरों को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया ‘प्रेस टीवी’ चीख-चीख कर कह रहा है कि ये हमला उनके समुद्री इलाके में घुसकर किया गया है।
ईरान ने इस हमले के बाद बिना देर किए ‘करारा जवाब’ देने की चेतावनी दी है, लेकिन दूसरी तरफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेवर और भी सख्त हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ऐलान कर दिया है कि अगर ईरान परमाणु डील की शर्तों पर नहीं आता, तो हमले जारी रहेंगे। ट्रंप का आरोप है कि ईरान ने पहले अमेरिकी जंगी जहाजों पर हमला किया था, जिसके जवाब में अमेरिका ने उनकी कई छोटी नावों को समुद्र में दफन कर दिया।
ट्रंप ने साफ लफ्जों में कहा है “हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे।” इधर खातम अल-अंबिया हेडक्वार्टर के प्रवक्ता का कहना है कि यह सीधी उकसावे की कार्रवाई है। ओमान की खाड़ी में धुएं के गुबार और पानी में डूबते टैंकर इस बात की गवाही दे रहे हैं कि मध्य-पूर्व में शांति अब एक सपना बनती जा रही है।
अब देखना यह है कि क्या ईरान सिर्फ चेतावनी देकर रुक जाएगा या फिर होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका को सीधी चुनौती देगा? ये जंग अब सिर्फ दो देशों की नहीं, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल आपूर्ति के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है।







