रतलाम जिले की आलोट विधानसभा से बीजेपी विधायक डॉ चिंतामणि मालवीय ने मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है। विधायक की ओर से उनके वकील के माध्यम से यह कानूनी नोटिस जारी किया गया। साथ ही एक स्थानीय न्यूज चैनल को भी लीगल नोटिस भेजा गया है।
यह पूरा मामला उन आरोपों को लेकर गरमाया है, जो रीना बोरासी ने हाल ही में मीडिया के सामने लगाए थे। उन्होंने विधायक पर यौन शोषण, अवैध कब्जे और महिलाओं पर अत्याचार जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
दरअसल, रीना बोरासी ने कुछ दिन पहले भोपाल स्थित लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया था कि एक महिला ने उन्हें एफिडेविट और सबूत सौंपे हैं। बोरासी ने आरोप लगाया था कि एक विधायक और पूर्व सांसद द्वारा महिला का यौन शोषण किया गया, उसके घर और पैतृक जमीन पर कब्जा किया गया, साथ ही गुंडों के जरिए तोड़फोड़ और बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट भी करवाई गई।
रीना बोरासी ने राज्यपाल और सरकार से संबंधित विधायक की सदस्यता रद्द करने की मांग भी की थी। वहीं अब बीजेपी विधायक डॉ चिंतामणि मालवीय ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और राजनीतिक साजिश बताते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है और दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।




