बुरहानपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास और निवेश को लेकर बड़ा संकेत दिया। परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित उद्योगपतियों के संवाद कार्यक्रम में उन्होंने निमाड़ क्षेत्र में इन्वेस्टर्स समिट कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को तेज करना है और निमाड़ को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।
सुबह करीब 10:30 बजे रेणुका माता हेलीपैड से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि व्यापारिक कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर कैबिनेट में चर्चा हो चुकी है, जो भविष्य में जिला स्तर तक सक्रिय होकर व्यापारियों को राहत देगा।
विजय उत्सव में दिखा अलग अंदाज, विपक्ष पर साधा निशाना
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भाजपा के ‘विजय उत्सव’ में शामिल हुए, जहां उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला। मंच पर बैठकर उन्होंने झालमुड़ी का आनंद लिया और अन्य नेताओं को भी खिलाया, जिससे माहौल हल्का और उत्साहपूर्ण बन गया।
इस दौरान उन्होंने बंगाल और असम में पार्टी की जीत पर खुशी जताई और इसे जनता के विश्वास की जीत बताया। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब विकास और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी ऊर्जा के साथ जनता के बीच काम करते रहें और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।







