दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की जान चली गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना सुबह करीब 3:45 बजे की बताई जा रही है, जब अचानक बिल्डिंग में आग भड़क उठी और देखते ही देखते चारों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक संजय गोयल के मुताबिक, कई लोग कमरे से बाहर नहीं निकल सके क्योंकि वे दरवाजे का लॉक समय पर नहीं खोल पाए।
रेस्क्यू टीम और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, इस दौरान दो लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुछ शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में मृतकों की पहचान अब DNA जांच के जरिए की जाएगी। पुलिस ने पहचान के लिए शवों की तस्वीरें भी सुरक्षित रखी हैं।
आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है, जबकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि AC में धमाका होने के बाद आग भड़की।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं, ताकि इस दर्दनाक हादसे की असली वजह सामने आ सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।







