मंदसौर जिले के सीतामऊ क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला द्वारा प्रेम जाल में फंसाकर रेलवे कर्मचारी से लाखों रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी महिला पूजा उर्फ सिया चौहान, जो कसाई गली सदर बाजार सीतामऊ की निवासी बताई जा रही है, ने सुनियोजित तरीके से पीड़ित से संपर्क साधा। उसे पहले से जानकारी थी कि युवक रेलवे में कार्यरत है। 25 अप्रैल 2025 से उसने फोन और सोशल मीडिया के जरिए बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे प्रेम संबंध स्थापित कर लिए।
नशीला पदार्थ देकर बनाया वीडियो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेल का खेल
आरोप है कि महिला युवक को मंदसौर के रामटेकरी क्षेत्र स्थित एक मकान में ले गई, जहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। युवक के बेहोश होने पर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए।
जब युवक को होश आया, तब आरोपी ने वीडियो वायरल करने और झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे वसूलना शुरू कर दिया। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।







