रीवा एयरपोर्ट को भविष्य में एक प्रमुख हवाई हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। यहां एयरबस A320 जैसे 150 से 180 सीट क्षमता वाले बड़े विमानों की लैंडिंग की सुविधा विकसित करने की योजना है। इसके लिए मौजूदा 1800 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 2300 मीटर किया जाएगा। इस विस्तार से रीवा क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है और यह एयरपोर्ट मध्य भारत के महत्वपूर्ण एविएशन केंद्रों में शामिल हो सकता है।
140 एकड़ भूमि अधिग्रहण से 830 किसानों को मिलेगा 340 करोड़ का मुआवजा
एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत लगभग 140 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। प्रशासन ने जमीन का सीमांकन पूरा कर रिपोर्ट भोपाल भेज दी है। डिप्टी सीएम के अनुसार इस योजना से करीब 830 किसान प्रभावित होंगे, जिन्हें सरकार की ओर से लगभग 340 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है ताकि विकास कार्य और किसानों के हित दोनों संतुलित रह सकें।







