इंदौर के चंदन नगर इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि उसका शव कई दिनों तक उसके ही घर में पड़ा रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। मृतक की पहचान 65 वर्षीय छगन के रूप में हुई है, जो अकेले रहता था और शराब का आदी बताया जा रहा है।
घटना का खुलासा बेहद अजीब तरीके से हुआ। बुधवार शाम को गली में खेल रहे बच्चों की क्रिकेट गेंद छगन के घर में चली गई। जब बच्चे गेंद लेने अंदर पहुंचे तो उन्होंने जो देखा, उससे उनके होश उड़ गए। कमरे में छगन का शव पड़ा था और आसपास चूहे घूम रहे थे। बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पूरे मामले का पता चला।
सूचना मिलते ही चंदन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी, लेकिन असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और सवालों का माहौल बना हुआ है।







