इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर देर रात छापा मारकर अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मौके से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
डीएसपी उमाकांत चौधरी के अनुसार, 3 अप्रैल की रात ग्राम गढ़ी स्थित अनुभूति फार्म हाउस में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात करीब 1:15 बजे मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को कई अनियमितताएं भी सामने आईं।
तलाशी के दौरान यह सामने आया कि फार्म हाउस की संचालक अर्चना सिंह द्वारा वहां ठहरे लोगों की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। इतना ही नहीं, आने-जाने वाले लोगों का कोई विजिटिंग रजिस्टर भी नहीं रखा गया था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुरजभान सिंह (38), निवासी किराड़ी सुलेमान नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। उसकी स्कॉर्पियो कार की तलाशी लेने पर एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपी फार्म हाउस में शराब का सेवन भी कर रहा था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं फार्म हाउस संचालक अर्चना सिंह के खिलाफ भी नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई है।







