नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की रसोई पर असर डालना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश के कई बड़े शहरों में 1 अप्रैल से दूध के दामों में बढ़ोतरी लागू होने जा रही है। इंदौर में दूध की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद अब दूध 63 से 65 रुपए प्रति लीटर तक बिकेगा। इस बढ़ोतरी से घरों का बजट प्रभावित होना तय माना जा रहा है।
दूध विक्रेताओं ने नई दरों का ऐलान कर दिया है और इसके पीछे लागत बढ़ने को मुख्य वजह बताया है। रोजमर्रा की जरूरी चीजों में शामिल दूध के महंगे होने से खासतौर पर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
कई शहरों में बढ़ेंगे दाम, भविष्य में और बढ़ोतरी के संकेत
केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि धार में दूध की कीमतों में 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, देवास और बड़वाह जैसे शहरों में भी 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ाई जाएंगी। मप्र दुग्ध विक्रेता महासंघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला के अनुसार, पशु आहार जैसे कपास खली, चारा और भूसे की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण दूध उत्पादन की लागत बढ़ रही है।
संघ ने यह भी संकेत दिए हैं कि अगर पशु आहार की कीमतों में इसी तरह इजाफा जारी रहा, तो आने वाले समय में दूध के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आम उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ना तय है।







