मध्य प्रदेश में अब फिल्मी सितारों के बाद कारोबारियों और व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के नाम पर लगातार मिल रही धमकियों ने प्रदेश के व्यापारिक वर्ग में भय का माहौल पैदा कर दिया है। अशोकनगर, ब्यावरा, इंदौर और भोपाल जैसे शहरों के कारोबारी इन गुर्गों के निशाने पर बताए जा रहे हैं।
करीब एक महीने पहले अशोकनगर के एक बिल्डर को धमकी मिली थी, जिसके बाद से ऐसे मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ताजा मामला शनिवार को सामने आया, जब भोपाल के एक कारोबारी को भी धमकी भरा संदेश मिला। खास बात यह है कि यह बीते एक महीने में चौथा मामला है, जिससे यह अंदेशा गहराता जा रहा है कि गैंग संगठित तरीके से प्रदेश में सक्रिय हो रहा है।
पुलिस सतर्क, इंदौर क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। इंदौर में जिस रियल एस्टेट कारोबारी को धमकी मिली है, वह भी बेहद डरे हुए हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों को जोड़कर देखा जा रहा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इन धमकियों के पीछे वास्तव में गैंग के सदस्य हैं या कोई अन्य व्यक्ति गैंग का नाम इस्तेमाल कर रहा है। फिलहाल कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं।







