इंदौर में पंजाबी सिंगर करण औजला के शो को लेकर नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। पहले ही निगम द्वारा 27 लाख रुपये मनोरंजन कर के रूप में वसूले जा चुके थे, लेकिन अब रविवार सुबह अचानक दोबारा कार्रवाई करते हुए टीम ने आयोजन स्थल पर छापा मार दिया। अधिकारियों को शक था कि वसूली गई राशि वास्तविक आंकड़ों से कम है, जिसके चलते मामले की दोबारा जांच की गई।
जोन 10 की टीम ने झोनल अधिकारी मिश्रा, सीएसआई और रिमूवल टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई, जिसे तीन ट्रकों में भरकर ले जाया गया। इस अचानक कार्रवाई से आयोजकों में हड़कंप मच गया और पूरे आयोजन प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए।
आयोजकों में हड़कंप, नियमों पर सख्ती का संदेश
नगर निगम की इस सख्ती को बड़े आयोजनों के लिए स्पष्ट चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। बिना पूरी अनुमति और टैक्स भुगतान के कार्यक्रम आयोजित करना अब आसान नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार, आयोजक इस कार्रवाई के बाद असमंजस की स्थिति में हैं और अंदरखाने यह चर्चा भी चल रही है कि ऊपरी स्तर तक मामला पहुंचाने की कोशिश भी बेअसर रही।
निगम का यह कदम साफ संकेत देता है कि नियमों के पालन में कोई ढील नहीं दी जाएगी, चाहे आयोजन कितना ही बड़ा या चर्चित क्यों न हो।







