सतना जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र के खोडरी-डेंगरहट जंगल में बाघ की उपस्थिति ने स्थानीय लोगों में डर और उत्तेजना पैदा कर दी है। सोमवार सुबह स्थानीय चरवाहों और वन सीमा से सटे किसानों ने नाले के पास बाघ को बैठे हुए देखा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी। बाघ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाघ पिछले दो दिनों से इसी इलाके में सक्रिय है। दिन के समय जंगल की झाड़ियों में आराम करते हुए इसे देखा गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और उन्हें जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, खोडरी-डेंगरहट क्षेत्र पन्ना लैंडस्केप से जुड़े वन्यजीव कॉरिडोर का हिस्सा है। इस क्षेत्र में बाघ का दिखाई देना इस बात का संकेत है कि जंगल अब भी वन्यजीवों के लिए उपयुक्त और सुरक्षित आवास प्रदान कर रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने का अनुरोध किया है। मवेशियों को खुले में न छोड़ने और जंगल की ओर अकेले न जाने की हिदायत दी गई है। अधिकारी मानते हैं कि नियमित गश्त और सतर्कता से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है।







