Home » Uncategorized » मैं गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हैरी बॉक्सर बोल रहा, 5 करोड़ जल्दी दे वरना….

मैं गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हैरी बॉक्सर बोल रहा, 5 करोड़ जल्दी दे वरना….

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर ग्रामीण जिले की महू तहसील स्थित किशनगंज थाना क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब उस व्हाट्सएप नंबर की गहन जांच में जुटी है, जिससे यह कॉल किया गया था। प्रारंभिक जांच में कॉल विदेश, संभवतः अमेरिका से किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

फोन उठाते ही उड़े होश

जानकारी के अनुसार व्यापारी को पहले कई बार व्हाट्सएप कॉल किए गए, लेकिन रिस्पॉन्स न मिलने पर आरोपी ने मैसेज कर बात करने के लिए कहा। जैसे ही व्यापारी ने कॉल रिसीव किया, सामने से आवाज आई “मैं गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हैरी बॉक्सर बोल रहा हूं।”

व्यापारी के शांत रहने पर आरोपी ने दोबारा कहा मेरे बारे में पता कर लेना, मैं हूं हैरी बॉक्सर।” इसके बाद सीधे 5 करोड़ रुपये की मांग रखी गई और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। कॉल कटते ही व्यापारी घबरा गया और तुरंत किशनगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) और 308(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

विदेशी लोकेशन और वीपीएन एंगल की जांच

घटना के बाद व्यापारी और उनका परिवार दहशत में है। पुलिस के अनुसार कॉल करने वाले नंबर की लोकेशन, इंटरनेट कॉलिंग डेटा और संभावित वीपीएन उपयोग की तकनीकी जांच की जा रही है। यह भी परखा जा रहा है कि कॉल वास्तव में किसी संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है या फिर महज डराने की साजिश है।

सूत्रों के मुताबिक हैरी बॉक्सर को लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़ा बताया जाता है और विदेश में बैठकर रंगदारी वसूली के प्रयासों में उसकी संलिप्तता की आशंका जताई जाती रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि गैंग के सदस्य सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग ऐप के माध्यम से व्यापारियों, कलाकारों और कारोबारियों को निशाना बनाते हैं।

हालिया चर्चित मामलों में भी उसका नाम सामने आया था, जब अभिनेता रणवीर सिंह को कथित रूप से व्हाट्सएप वॉयस नोट भेजकर करोड़ों रुपये की मांग की गई थी। उस मामले में भी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन के इस्तेमाल की बात सामने आई थी।

फिलहाल इंदौर ग्रामीण पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉल की वास्तविक उत्पत्ति और आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Share This
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In India
Digital marketing for news publishers

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x