इंदौर। शहर में फैले एमडी ड्रग तस्करी नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए द्वारकापुरी की हिस्ट्रीशीटर महिला सीमा नाथ गैंग से जुड़े आरोपी शुभम यादव उर्फ नेपाली को सागर जेल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के तहत प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया।
शुभम नेपाली वही नाम है, जिसे कुछ समय पहले इंदौर में करीब दो करोड़ रुपये की एमडी ड्रग तस्करी का मास्टरमाइंड बताया गया था। उसके खिलाफ पहले से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वह व्हाट्सएप कॉल के जरिए अपना नेटवर्क संचालित करता था और सीधे संपर्क से बचने के लिए डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल करता था।
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के अनुसार, उसका गिरोह करीब 12 युवाओं की मदद से शहर के अलग-अलग इलाकों में ड्रग्स सप्लाई करता था। द्वारकापुरी, राउ, चंदन नगर और अन्नपूर्णा जैसे क्षेत्रों में युवाओं के जरिए एमडी की खेप पहुंचाई जाती थी। पुलिस का दावा है कि जेल में रहते हुए भी शुभम अपनी ड्रग चेन को सक्रिय रखे हुए था।
30 जुलाई 2025 को द्वारकापुरी पुलिस ने फरार एमडी ड्रग तस्करी मामले में शुभम नेपाली को उज्जैन पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया था। अब उसे अन्य मामलों में पूछताछ और नेटवर्क की परतें खोलने के लिए दोबारा हिरासत में लिया गया है।
8 साल की बच्ची को ढाल बनाकर ड्रग सप्लाई, भाई भी शामिल
जांच में सामने आया कि शुभम का छोटा भाई रजत यादव उर्फ नेपाली भी इस गिरोह का सक्रिय सदस्य था। पुलिस के मुताबिक, रजत 8 साल की बच्ची को साथ बिठाकर ड्रग्स की सप्लाई करता था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो। इस खुलासे ने पुलिस को भी चौंका दिया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि शुभम को महंगी गाड़ियों और बाइकों का शौक था। हाल ही में उसने करीब साढ़े तीन लाख रुपये की बाइक खरीदी थी। पुलिस का मानना है कि ड्रग्स से कमाए गए पैसों से ही यह शौक पूरे किए जा रहे थे।
क्राइम ब्रांच अब इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक जांच भी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स से अर्जित रकम कहां-कहां निवेश की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमा नाथ गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इंदौर में एमडी ड्रग तस्करी के इस नेटवर्क का भंडाफोड़ शहर की कानून व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस गैंग से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।







