धार जिले के धार-धामनोद-मांडू मार्ग पर शुक्रवार सुबह ग्राम लुनेहरा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार आईसर वाहन ने पहले मजदूरों को बैठाने के लिए खड़े पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद सामने से आ रही स्कूल बस से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में स्कूल बस चालक सहित चार स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। घबराए बच्चों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को निजी वाहनों से जिला चिकित्सालय धार रवाना किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आईसर वाहन क्रमांक CG 04 NV 9682 का चालक धामनोद की ओर से अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने शराब का सेवन भी कर रखा था। ग्रामीणों ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बाल-बाल टला बड़ा हादसा, ग्रामीणों में आक्रोश
यह हादसा आयुष्मान आरोग्य मंदिर लुनेहरा के ठीक सामने हुआ। दुर्घटना की आवाज सुनकर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहन सिंह भास्कर तुरंत बाहर पहुंचे। ग्रामीण घायल बच्चों और चालक को स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉ. भास्कर के अनुसार चार बच्चों और बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि आईसर वाहन पहले पिकअप से नहीं टकराता और सीधे स्कूल बस से भिड़ता, तो जनहानि और भी अधिक हो सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कैलाश बारिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद बच्चों के अभिभावकों में घबराहट का माहौल रहा। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर वाहन चालक प्रतिदिन तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। लगातार हो रही लापरवाही ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







