जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रीवा-मनगवां हाईवे एक बार फिर खून से लाल हो गया। रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के ग्राम जोगनहाई के पास मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही बाइक पर सवार दो युवकों की जान चली गई, जिससे गांवों में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। अखंड प्रताप सिंह उम्र 26 वर्ष और गोरेलाल कोल उम्र 25 वर्ष मोटरसाइकिल से मनगवां की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जोगनहाई गांव के समीप पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक बाइक सहित डिवाइडर के ऊपर जा गिरे और लहूलुहान हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान पुलिस मौके पर पहुंची। मंजर देखकर हर कोई सिहर उठा। दोनों युवक गंभीर हालत में पड़े थे, सांसें उखड़ रही थीं। पुलिस ने तत्काल राहगीरों की मदद से घायलों को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अखंड प्रताप सिंह निवासी ग्राम भटवा थाना गढ़ और गोरेलाल कोल निवासी मिश्र गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बाद में परिजनों को सौंप दिया। अचानक हुई इस त्रासदी ने दोनों परिवारों को तोड़कर रख दिया है, वहीं हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है, लेकिन जोगनहाई के पास फैली खामोशी इस बात की गवाही दे रही है कि रफ्तार की एक चूक ने दो घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए।







