इंदौर के राऊ क्षेत्र की एक होटल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की के ठहरने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन का दावा है कि लड़की को एक युवक बहला-फुसलाकर होटल लाया था। सूचना मिलते ही कार्यकर्ता होटल पहुंचे और युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, होटल के रजिस्टर में लड़की का नाम किसी अन्य पहचान पत्र पर दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में फर्जी आईडी के इस्तेमाल की बात सामने आई है। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिलने का दावा किया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
थाने लाकर पूछताछ के बाद नाबालिग लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि युवक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। लड़की के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें उसने युवक के साथ पहले संपर्क होने की बात कही है।
उधर, संगठन के कार्यकर्ताओं ने होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों के बयान खंगाले जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी।







