राजधानी भोपाल के कोलार इलाके से सामने आई इस घटना ने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि इंसानी मानसिकता की गंदी हकीकत भी उजागर कर दी है. ये मामला एक ऐसे चोर की, जिसकी हरकतें सुनकर गुस्सा भी आता है और शर्म भी.
कोलार के अमरनाथ कॉलोनी में बीती रात एक अजीबोगरीब लेकिन बेहद शर्मनाक वारदात हुई. आरोपी चुपके से एक घर में घुसा, बालकनी तक पहुंचा और वहां से महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुरा लिए. ये कोई मामूली चोरी नहीं थी, ये सीधे तौर पर महिलाओं की निजता और सम्मान पर हमला था. आरोपी चोरी के बाद खुद उन्हें पहनकर सड़कों पर घूमता और चैन की नींद सो जाता था. सोचिए, ऐसी मानसिकता समाज में खुलेआम घूम रही थी.
जब आरोपी घर से बाहर निकल रहा था, तभी घरवालों की नजर उसकी परछाई पर पड़ी. हंगामा मचा, चीख-पुकार हुई, लेकिन तब तक यह घिनौना चोर अपने साथ चोरी का माल लेकर भाग चुका था. हालांकि उसकी किस्मत ने उसी वक्त धोखा दे दिया.
भागते वक्त आरोपी की जेब से उसका श्रमिक कार्ड उसी घर में गिर गया. यही कार्ड उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुआ. कार्ड पर लिखे दीपेश नाम के आधार पर कोलार थाने में शिकायत दर्ज हुई और पुलिस हरकत में आई. बुधवार शाम पुलिस आरोपी के घर पहुंची, जहां नजारा और भी ज्यादा भड़काने वाला था.
पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो आरोपी बेफिक्री से सो रहा था, और हद तो तब हो गई जब पता चला कि उसने चोरी किए हुए अंडरगारमेंट्स पहन रखे थे. यही नहीं, वह खुद को बिल्कुल सुरक्षित और बेखौफ समझ रहा था. अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन सवाल अब भी बाकी है—ऐसे लोग कब तक समाज में खुलेआम घूमते रहेंगे, और महिलाओं की सुरक्षा कब सिर्फ कागजों से निकलकर हकीकत बनेगी?







