वीकेंड मनाने भोपाल से इंदौर आए बिल्डर अबान शकील को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसकी कथित शानो-शौकत वाली ड्रग्स पार्टी पुलिस की फाइलों में एक बदनुमा अध्याय बन जाएगी। कनाड़िया थाना पुलिस की कार्रवाई ने जिस परत को उघाड़ा है, उसने इंदौर की तथाकथित हाई-प्रोफाइल पार्टियों की असली सड़ांध सबके सामने रख दी है।
अबान शकील की गिरफ्तारी के बाद मामला थमने के बजाय और भड़कता जा रहा है। उसकी निशानदेही पर वैभव उर्फ बाबा और दो युवतियों की गिरफ्तारी ने साफ कर दिया कि यह कोई “अकेले की गलती” नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित, बेखौफ और कानून को ठेंगा दिखाने वाला खेल था।
पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, वह और भी चौंकाने वाला है। गिरफ्तारी से पहले आरोपी रतलाम के एक फार्म हाउस पर पार्टी कर चुके थे। बताया जा रहा है कि यह फार्म हाउस दानिश नामक व्यक्ति का है, जहां खुलेआम ड्रग्स का इस्तेमाल किया गया। यानी शहर से बाहर जाकर कानून से बचने की सस्ती चाल लेकिन पुलिस की नजर से बचना इतना आसान नहीं निकला।
युवतियों के मोबाइल फोन से पार्टी के वीडियो बरामद होना इस पूरे मामले पर आखिरी कील साबित हो सकता है। वीडियो में क्या है, कौन-कौन है और किस स्तर तक नशे का खेल खेला गया इन सवालों ने कई बड़े नामों की नींद उड़ा दी है।
अब पुलिस फार्म हाउस संचालक की तलाश में जुटी है, और यह तलाश सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उस सोच की है जो पैसे के दम पर नशे, अय्याशी और कानून की धज्जियां उड़ाने को अपना अधिकार समझ बैठी है। सवाल सीधा है क्या यह मामला कुछ गिरफ्तारियों पर खत्म होगा, या नशे की इस ‘एलीट चेन’ के सारे चेहरे बेनकाब होंगे?







