उड़ान के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
इंदौर में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जयपुर से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1240 को मेडिकल इमरजेंसी के चलते इंदौर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार एक साल के बच्चे की अचानक तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई थी।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट शाम 5:30 बजे जयपुर से रवाना हुई थी और रात 8:10 बजे बेंगलुरु पहुंचने वाली थी। उड़ान के दौरान एक वर्षीय बच्चे को सांस लेने में तेज परेशानी होने लगी। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना एयर होस्टेस को दी, जिसके बाद हालात की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने नजदीकी एयरपोर्ट इंदौर से संपर्क किया।
शाम करीब 7:20 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति दी और इंदौर एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। एयरोब्रिज पर पहले से डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई थी।
शाम 7:50 बजे विमान के लैंड करते ही बच्चे को तुरंत बाहर लाया गया। फ्लाइट में मौजूद एक डॉक्टर पहले से ही बच्चे को सीपीआर दे रहे थे। इंदौर एयरपोर्ट पर तैनात डॉक्टरों ने भी लगातार प्रयास किए और बच्चे को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे डॉल्फिन हॉस्पिटल रेफर किया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई।
हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम मोहम्मद अबरार था, जिसकी उम्र एक साल थी। वह अपने पिता मोहम्मद अजलान, मां फिरोजा और बड़े भाई के साथ जयपुर से बेंगलुरु अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में चढ़ने से पहले ही बच्चे की तबीयत ठीक नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि उड़ान के दौरान दूध या पानी पिलाते समय वह श्वासनली में चला गया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हवाई यात्रा के दौरान बच्चों की सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







