जल संकट के बीच सियासी गर्मी, बस्ती में पहुंचे 8 कॉंग्रेस नेता
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में जारी जल संकट के बीच आज सियासी हलचल भी देखने को मिली। प्रशासन ने कॉंग्रेस के 8 नेताओं को क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी, जिसके बाद सभी नेता बस्ती में पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया।
इस दौरान प्रदेश कॉंग्रेस अध्यक्ष उमंग सिंघार और मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि बस्ती में जाने और लोगों से सीधे संवाद को लेकर पुलिस ने कुछ आपत्तियां जताईं, जिस पर उमंग सिंघार ने नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जब जनता पीने के पानी के लिए परेशान है, तब जनप्रतिनिधियों को रोकना लोकतंत्र के खिलाफ है।
बस्ती में मौजूद रहवासियों ने नेताओं के सामने अपनी समस्याएं रखीं और गंदे पानी की आपूर्ति व स्वास्थ्य संकट को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। वहीं, भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच स्थिति कुछ देर तक तनावपूर्ण रही, हालांकि बाद में हालात नियंत्रण में आ गए।
कॉंग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति पर नजर रखने और व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई है।







