मध्य प्रदेश में ईरान-इजराइल तनाव की खबरों के बीच पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। राजधानी भोपाल और आगर मालवा से कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी, जिसके चलते कई जगहों पर अचानक भीड़ देखने को मिली। हालांकि, प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने स्पष्ट किया है कि यह स्थिति अस्थायी है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
आगर मालवा में बुधवार सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। गुप्ता पेट्रोल पंप पर रात में रिजर्व कोटे के अलावा पेट्रोल खत्म हो गया था, जिससे पंप को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। पंप संचालक नवीन गुप्ता के अनुसार, सुबह टैंकर पहुंच चुका है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
प्रशासन का दावा पर्याप्त स्टॉक, केवल 5% पंपों पर अस्थायी समस्या
भोपाल प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के मुताबिक, भोपाल में करीब 58.79 लाख किलोलीटर ईंधन का स्टॉक मौजूद है, जो ढाई से तीन महीने तक की जरूरत पूरी करने में सक्षम है।
मध्यप्रदेश पेट्रोल पंप ओनर एसोसिएशन ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि राज्य में ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है। लगभग 5 प्रतिशत पेट्रोल पंपों पर एडवांस भुगतान से जुड़ी तकनीकी या वित्तीय समस्याओं के कारण अस्थायी बाधा आई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।







