मध्यप्रदेश के सतना में स्थित वन स्टॉप सेंटर से रविवार देर रात तीन नाबालिग लड़कियां भाग गईं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। तीनों की उम्र 14 से 15 साल के बीच बताई जा रही है और वे पहले भी प्रेम प्रसंग के चलते घर से भाग चुकी थीं।
घटना उस समय हुई जब लड़कियां डोरमेट्री में ठहरी हुई थीं। अधीक्षिका नीता श्रीवास्तव के अनुसार, तीनों ने कमरे की पीछे की खिड़की तोड़कर एक-एक कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया और फरार हो गईं। हैरानी की बात यह है कि सेंटर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने और मुख्य गेट पर चौकीदार तैनात होने के बावजूद किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सोमवार सुबह मामले का खुलासा होने के बाद जवाहर नगर स्थित सेंटर प्रबंधन ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लड़कियों की तलाश शुरू कर दी है।
संभावना जताई जा रही है कि तीनों लड़कियां पीछे स्थित CM Rise School ground के मैदान की ओर से बाहर निकली होंगी। पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि उनके मूवमेंट का पता लगाया जा सके। फिलहाल प्रशासन और पुलिस टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।







