राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर से बुधवार सुबह एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। प्रेस एन्क्लेव रोड स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आग पास के फ्लोरिश स्टे होटल तक पहुंच गई। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक आग सुबह करीब 8 बजकर 50 मिनट पर लगी। चंद मिनटों में धुआं और लपटें कई मंजिलों तक फैल गईं, जिससे होटल में ठहरे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बेसमेंट से भी कई लोगों को बचाया गया।
मृतकों में सेंट्रल एशिया और अफ्रीकी देशों के नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों तक पहुंच गए थे। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली के बड़े अस्पतालों AIIMS और मैक्स हॉस्पिटल के नजदीक स्थित इस होटल में अक्सर मरीजों के परिजन ठहरते थे। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।







