छिंदवाड़ा के तामिया स्थित पातालकोट से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां चिमटीपुर रेस्ट हाउस के पास पहाड़ी के छोर पर एक युवक बाइक समेत गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान सिधोली गांव निवासी सूर्यभान, पिता टुआराम भारती के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सूर्यभान मंगलवार को घर से निकला था। परिवार को लगा कि वह गांव या खेत में बने दूसरे मकान पर गया होगा, इसलिए शुरुआत में किसी को अनहोनी की आशंका नहीं हुई।
लेकिन बुधवार को जब सूर्यभान कहीं दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके पातालकोट की गहरी खाई में गिरने की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि सूर्यभान पहाड़ी के बेहद किनारे तक पहुंच गया था और इसी दौरान बाइक समेत उसका संतुलन बिगड़ गया। कुछ जानकारी में रील बनाने के दौरान हादसा होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाई में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गहरी खाई और दुर्गम इलाका होने के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। देर शाम पुलिस टीम ने बाइक के साथ सूर्यभान का शव तलाश लिया।
अब पुलिस और बचाव दल द्वारा शव को गहरी खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी और खतरनाक इलाकों में फोटो-वीडियो या रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक छोटी सी लापरवाही ने 24 साल के युवक की जान ले ली और परिवार को जिंदगी भर का गहरा सदमा दे दिया।







