रतलाम में साइबर ठगों ने एक पटवारी को बेहद शातिर तरीके से निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 2 लाख 93 हजार रुपए पार कर दिए। हैरानी की बात यह रही कि ठगी के दौरान न तो कोई कॉल आया और न ही कोई OTP शेयर किया गया। शहर के काटजू नगर निवासी पटवारी अशोक योगी के एसबीआई खाते से 27 से 29 अप्रैल के बीच तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में रकम ट्रांसफर कर ली गई। 30 अप्रैल को जब उन्होंने बैंक बैलेंस चेक किया, तब इस बड़े फ्रॉड का खुलासा हुआ। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने पारिवारिक जरूरतों के लिए मार्च में जीपीएफ से 5 लाख रुपए निकालकर खाते में जमा किए थे।
अनजान लिंक बना खतरा, मोबाइल हैकिंग एंगल पर जांच तेज
पटवारी अशोक योगी ने पुलिस को साफ बताया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक डिटेल या OTP साझा नहीं किया था। ऐसे में साइबर एक्सपर्ट्स को आशंका है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल हैक हुआ और ठगों ने रिमोट एक्सेस के जरिए बैंक खाते तक पहुंच बना ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। अब उन खातों और डिजिटल माध्यमों की पड़ताल की जा रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई। विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है।







