छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ क्षेत्र के किशनपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब कुएं का पानी पीने और उससे नहाने के बाद 25 से 30 ग्रामीणों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार सुबह रोज की तरह वे कुएं से पानी भरकर घर ले गए। कुछ लोगों ने उसी पानी का सेवन किया, जबकि कई लोगों ने उससे स्नान किया।
लेकिन कुछ ही देर बाद लोगों को पानी से तेज और अजीब बदबू आने लगी। इसके बाद हाथ-पैर में खुजली, एलर्जी और जलन जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। देखते ही देखते कई ग्रामीण बीमार पड़ गए, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पांच एंबुलेंस तत्काल रवाना की गईं। जांच के दौरान एक बाल्टी में कथित रूप से जहर का पाउच मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
प्रशासन ने कुएं के पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल ग्रामीणों को कुएं का पानी उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित लोगों की लगातार निगरानी कर रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कुएं के पानी में जहर कैसे पहुंचा? क्या यह कोई हादसा है या फिर किसी की साजिश? इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएंगे।
फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







