नौतपा की तपती गर्मी के बीच मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के 26 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई जगह नुकसान भी पहुंचाया। गुना में आंधी-बारिश के दौरान प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर पर बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। वहीं श्योपुर और देवास में ओले गिरने से मौसम का असर और ज्यादा देखने को मिला।
राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में टीकमगढ़ में सवा इंच, दतिया में आधा इंच और नौगांव में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, रीवा, सतना, सागर, धार, रतलाम, खंडवा, देवास, मंदसौर, झाबुआ और अन्य जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में फिर से बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में नौतपा के बीच बदले मौसम ने लोगों को राहत भी दी है और प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।







