भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित ग्राम रोजगार सहायकों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम रोजगार सहायकों को बड़ा भरोसा दिया। सीएम ने कहा कि सरकार बिना मांगे भी कर्मचारियों की चिंता कर रही है और हर वर्ग के हित में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ टारगेट नहीं देती, बल्कि कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भविष्य की चिंता भी करती है।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि पहले ग्राम रोजगार सहायकों का पारिश्रमिक 9 हजार रुपए था, जिसे बढ़ाकर 18 हजार रुपए किया गया। अब पंचायत सचिव के रिक्त पदों, आयु सीमा में राहत और अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों पर भी जल्द ठोस निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर व्यापक चर्चा की जाएगी।
सीएम के संबोधन के बाद सम्मेलन में मौजूद ग्राम रोजगार सहायकों में उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार जल्द बड़ा फैसला ले सकती है।







