दूषित पानी से 24 मौतों के बाद शोक में डूबा शहर, राहुल गांधी की मौजूदगी में परिजनों को मिली आर्थिक सहायता
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई 24 लोगों की दर्दनाक मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक और आक्रोश के माहौल के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
श्री सिंघार ने माननीय राहुल गांधी जी की उपस्थिति में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर विफलता है, जिसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
दुख की इस घड़ी में श्री उमंग सिंघार ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस त्रासदी को कभी भुलाएगी नहीं और पीड़ितों को न्याय दिलाने की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।
भागीरथपुरा में पसरा सन्नाटा और परिजनों का दर्द इस बात की गवाही दे रहा है कि यह जख्म लंबे समय तक नहीं भर पाएगा, लेकिन संवेदना और सहयोग के ये कदम पीड़ित परिवारों के लिए एक सहारा जरूर बनकर उभरे हैं।







