मध्य-पूर्व में तनाव अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ऐलान किया है कि आज रात ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जाएगा। ट्रम्प का दावा है कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग टूट चुकी है और अमेरिका जल्द ही ईरान के सबसे बड़े तेल निर्यात केंद्र खार्ग आइलैंड समेत कई अहम ऊर्जा ठिकानों पर कब्जा करेगा।
उधर, ओमान के पास भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर हुए हमलों को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक भारतीय क्रू वाले तीसरे जहाज MT जलवीर को भी निशाना बनाया गया, हालांकि जहाज पर सवार सभी 20 भारतीय सुरक्षित हैं और उन्हें निकालने की प्रक्रिया जारी है।
भारत ने इस घटना पर अमेरिकी राजदूत को तलब कर तीखा विरोध दर्ज कराया है। सरकार ने साफ कहा है कि भारतीय जहाजों और नागरिकों पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ट्रम्प की धमकी, ईरान पर बढ़ता दबाव और भारत की सख्त प्रतिक्रिया ने पूरी दुनिया की नजरें अब मध्य-पूर्व के हालात पर टिका दी हैं।







