धार जिले के बदनावर में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। पंचकवास गांव के पास उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने सामने से आ रही वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक गुजरात के वड़ोदरा के रहने वाले थे और आपस में दोस्त थे। सभी युवक उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वैन की हालत इतनी ज्यादा खराब थी कि उसमें फंसे शवों को बाहर निकालना भी बेहद मुश्किल हो गया। रेस्क्यू टीम को गाड़ी की बॉडी काटने के लिए ग्राइंडर का इस्तेमाल करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।
हादसे में विशाल पिता रमेश भाई परमार, विमल कुमार पिता मुकेश भाई सोलंकी, दीपक कुमार पिता मुकेश भाई बारिया, राकेश कुमार पिता भूपतसिंह मकवाना, परेश कुमार पिता शैलेष भाई परमार और मितेश उर्फ मयूर पिता प्रकाश भाई चौहान की मौत हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। पुलिस ने ट्रॉला चालक को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है।
एक तरफ महाकाल के दर्शन के बाद ये छह दोस्त खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे थे, लेकिन कुछ ही किलोमीटर का सफर उनके लिए आखिरी सफर बन गया। रॉन्ग साइड से आए ट्रॉले की टक्कर ने छह जिंदगियां खत्म कर दीं और पीछे छोड़ दिए छह परिवारों के लिए कभी न भरने वाले गहरे जख्म।







