मध्यप्रदेश में इस बार नौतपा का रंग बिल्कुल बदला हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ भीषण गर्मी और लू लोगों को झुलसा रही है, तो दूसरी तरफ आंधी, बारिश और ओलावृष्टि मौसम का मिजाज बदल रही है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है और गुरुवार को भी मौसम विभाग ने हीटवेव के साथ तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव पिछले 10 दिनों से प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 18 मई से लगातार यहां तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। बुधवार को दोनों शहरों में पारा 46.6 डिग्री तक पहुंच गया। गुरुवार को भी इन इलाकों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इधर दमोह जिले में गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। शाम करीब साढ़े चार बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई और तेंदूखेड़ा ब्लॉक में आधे घंटे तक जमकर ओले गिरे। सड़कों और खेतों में बर्फ जैसी सफेदी नजर आई। ओलावृष्टि के बाद भी बारिश जारी रही, जिससे तपती गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही बदला हुआ मौसम देखने को मिल सकता है। कहीं लू लोगों को परेशान करेगी तो कहीं आंधी और बारिश राहत लेकर आएगी।







