झारखंड के गढ़वा जिले में एक सरकारी शिक्षक इन दिनों अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ग्रामीण इलाकों में ईंधन संकट के बीच शिक्षक मुन्ना प्रसाद ने जनगणना कार्य के लिए घोड़े को ही अपना साथी बना लिया। सफेद पोशाक, जरूरी दस्तावेज और घोड़े पर सवार होकर गांव पहुंचते शिक्षक को देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए।
धुरकी प्रखंड के टटीदीरी उच्च विद्यालय में पदस्थ शिक्षक मुन्ना प्रसाद रोज गांव-गांव जाकर जनगणना का कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई इलाकों में ईंधन की कमी और खराब रास्तों के कारण वाहन से पहुंचना मुश्किल हो रहा था, इसलिए उन्होंने घोड़े का सहारा लिया। अब उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों और सोशल मीडिया यूजर्स ने शिक्षक की कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना की जमकर तारीफ की है। लोग इसे सरकारी जिम्मेदारी निभाने का अनोखा और प्रेरणादायक उदाहरण बता रहे हैं।







