थांदला रोड रेलवे स्टेशन के पास सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। करीब 4:45 बजे एक युवती ने गुजर रही मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मेघनगर की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। मृतका की पहचान मेघनगर तहसील के सजेली नानिया साथ गांव निवासी 23 वर्षीय विमला, पिता कालू हेलोत के रूप में हुई है।
सुसाइड नोट में छलका दर्द, शादी के दबाव का जिक्र
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती ने अपने माता-पिता को संबोधित करते हुए लिखा कि उसके परीक्षा के पेपर अच्छे नहीं गए थे और परिवार वाले उसकी शादी के लिए दबाव बना रहे थे, जबकि वह अभी इसके लिए तैयार नहीं थी। नोट में उसने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।







