मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आंधी और बारिश के असर से प्रदेशभर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। रविवार और सोमवार की रात खंडवा प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पचमढ़ी में भी तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री, इंदौर में 26.4 डिग्री, ग्वालियर और जबलपुर में 24.7 डिग्री तथा उज्जैन में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रीवा, दमोह, छिंदवाड़ा, खरगोन, उमरिया, दतिया और सतना सहित कई जिलों में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान सतना में सवा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि दतिया में आधा इंच पानी बरसा। शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, श्योपुर, रीवा, सिवनी, बैतूल, सिंगरौली, मैहर और उमरिया समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला।
भोपाल में सोमवार सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं, जबकि शिवपुरी में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।







