ग्वालियर में शादी के नाम पर ऐसी ठगी सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। एक युवक को गरीब और बेसहारा लड़की बताकर शादी कराई गई, लेकिन सुहागरात से पहले ही रिश्ते का ऐसा राज खुला कि परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब कन्यादान करने वाला शख्स ही दुल्हन का असली पति निकला।
मामला ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंद्रवदनी इलाके का है। पीड़ित रतन शर्मा जबलपुर के एक निजी अस्पताल में इमरजेंसी विभाग में टीम लीडर हैं। परिवार में पांच भाई होने के बावजूद किसी की शादी नहीं हुई थी। इसी मजबूरी का फायदा पड़ोसी सोनू तिवारी ने उठाया और गरीब लड़की बताकर रिश्ता तय कराया।
शादी पूरे रीति-रिवाज से हुई। दुल्हन पक्ष की तरफ से एक व्यक्ति भाई बनकर आया और उसने कन्यादान तक किया। लेकिन कुछ ही समय बाद सच सामने आया कि वही व्यक्ति दुल्हन का असली पति है और पूरी शादी एक सुनियोजित ठगी थी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी के नाम पर लाखों रुपए ऐंठे गए और पूरे गिरोह ने मिलकर साजिश रची। शिकायत के बाद पुलिस ने लुटेरी दुल्हन समेत 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।







