अहमदाबाद एयरपोर्ट पर डीआरआई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दुबई से आई इंडिगो फ्लाइट से करीब 4 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया है। अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर विमान की गहन तलाशी ली गई।
जांच के दौरान प्लेन के टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स के अंदर दो संदिग्ध थैलियां मिलीं। जब अधिकारियों ने इन्हें खोला तो अंदर से 24 सोने के बिस्कुट बरामद हुए। बरामद सोना करीब 4 किलो वजन का बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतना भारी मात्रा में सोना विमान के अंदर किसने छिपाया और इसे बाहर निकालने की योजना किसकी थी। फिलहाल डीआरआई ने सोना जब्त कर लिया है और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का मानना है कि यह एक संगठित गोल्ड स्मगलिंग रैकेट का हिस्सा हो सकता है। एयरपोर्ट और एयरलाइन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि तस्करों तक पहुंचा जा सके।







